4 नवंबर 2019 - 17:33
आज के बाद ईरान की हर एयरलाइंस को यात्री विमानों में करनी होगी नमाज़ की व्यवस्था

ईरान के नागरिक विमानन प्राधिकरण ने देश की समस्त एयरलाइंस को विमानों में यात्रियों की नमाज़ के लिए व्यवस्था करने का आदेश जारी किया है।

इस आदेश में एयरलाइन कंपनियों से कहा गया है कि ईरानी विमानों में सफ़र करने वाले समस्त हवाई यात्रियों को यह अधिकार हासिल है कि वह सफ़र के दौरान अपनी नमाज़ उचित प्रबंध के साथ अदा कर सकें और इस अधिकार को औपचारिकता प्रदान किए जाने की ज़रूरत है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।

यह दिशा निर्देश समस्त घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लागू होगा और इसमें निजी इयरलाइन कंपनियां भी शामिल हैं।

इससे पहले सिर्फ़ ईरान की सरकारी एयरलाइन कंपनी ईरान एयर में नमाज़ की व्यवस्था होती थी, लेकिन अब समस्त एयरलाइनों को इस आदेश का पालन करते हुए हर उड़ान में एक नमाज़ ख़ाने की व्यवस्था करना होगी।

इसी के साथ ही अगर किसी विमान के उड़ान भरने के दौरान नमाज़ का समय शुरू होकर समाप्त हो रहा है तो विमान पर सवार क्रू की यह ज़िम्मेदारी होगी कि वह यात्रियों के लिए इसकी घोषणा करें।

इसी के साथ एयरलाइन कंपनी की ज़िम्मेदारी होगी कि वह उड़ान के दौरान उन यात्रियों के लिए जो नमाज़ पढ़ना चाहते हैं क़िबले की दिशा का निर्धारण करे।